खटीमा। कोतवाली क्षेत्र में सितारगंज मार्ग पर बुधवार को दिन में टप्पेबाज ने पूर्व सैनिक के हाथ से मोबाइल और 25,000 रुपये से भरे थैले को झपट लिया। पूर्व सैनिक के शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों व पुलिस कर्मियों ने आधा किमी तक पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से रुपये, बैंक पासबुक और मोबाइल बरामद कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हिल व्यू कॉलोनी निवासी पूर्व सैनिक रमेश चंद्र भट्ट अपने पुत्र रजत के साथ सितारगंज मार्ग स्थित एसबीआई बैंक में गए थे। उन्होंने अपने खाते से 25,000 रुपये निकाले और नकदी को थैले में रखकर वह घर जा रहे थे। थैले में दो मोबाइल और दो बैंक पासबुक भी थीं। बैंक से बाहर आते ही एक एक टप्पेबाज उनके हाथ से थैला छीना और भाग गया।
अचानक हुई वारदात पर उन्होंने शोर मचाया तो वह मौजूद लोग और उनका बेटा टप्पेबाज के पीछे दौड़े। कोतवाली के दरोगा किशोर पंत और सिपाही भी मौके पहुुंचे। घटनास्थल से आधा किमी दूर एक निजी स्कूल के पास से उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शाहरुख निवासी गौटिया के पास से नकदी, दो मोबाइल और दो पासबुक बरामद कर ली है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।