टनकपुर डिपो की रोडवेज बस लालपुर के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने से बस चालक की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। घायलों में से 17 लोगों को किच्छा जबकि नौ घायलों को रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है। किच्छा में भर्ती चार लोगों को हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया है।
वहीं तीन घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। टनकपुर डिपो की बस (यूके 07 पीए 2141) शुक्रवार दोपहर बाद करीब तीन बजे हरिद्वार जा रही थी। बस के परिचालक भूपाल सिंह पुत्र देव सिंह के अनुसार बस में 41 यात्री सवार थे।
टोल प्लाजा से थोड़ा आगे लालपुर के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक गड्ढे में जाकर पलट गई। बस के गिरते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। टोल प्लाजा पर खड़ी एनएच की एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बस चालक दिनेश राम (38) निवासी रीठा साहिब (चंपावत) को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर कोतवाल मोहन चंद पांडे, लालपुर चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी होने पर एसडीएम नरेश चंद दुर्गापाल समेत तमाम अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
इनसेट
हादसे के घायल
परिचालक भूपाल सिंह निवासी भवाली (नैनीताल), घायल घायल गांधीराम पुत्र रामदिया निवासी रुड़की, बलवीर सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी बाजपुर, जरनैल सिंह पुत्र बुलाका सिंह, चंदला पत्नी लोकेश गंगवार, उनकी पुत्री प्रियांशी (8) व पुत्र पीयूष (11) निवासी नानकमत्ता, उर्मिला पत्नी वीरेंद्र गिरी निवासी गढ़ मुक्तेश्वर, गौरी उसका भाई विशाल निवासी गढ़ मुक्तेश्वर, जसवीर कौर पत्नी कुलवंत सिंह निवासी बिंदुखेड़ा (रुद्रपुर), मो. फुरकान पुत्र मो. इस्लाम निवासी गोपालनगर (सितारगंज), अभिनव मित्तल पुत्र संजय मित्तल निवासी शिमला बाईपास देहरादून, हर्षित चौहान पुत्र कुंवरपाल सिंह निवासी पंजनहेड़ी कनखल (हरिद्वार), अनुष्का (3) वर्ष पुत्री रीता निवासी सितारगंज, गुरदीप सिंह और उसकी पत्नी कक्कोबाई निवासी केलाखेड़ा (बाजपुर)।
इनसेट
तीन डिस्चार्ज और चार रेफर
किच्छा। किच्छा में भर्ती तीन घायलों प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जिनमें अभिनव मित्तल, हर्षित चौहान और अनुष्का शामिल हैं। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल भूपाल सिंह, गांधीराम, बलवीर सिंह, और मो. फुरकान को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इनसेट
रुद्रपुर में भर्ती कराए गए घायल
रुद्रपुर। चकरपुर निवासी उमेश राणा (35), सितारगंज निवासी कनिष्का (8), सीता (9) पुत्री दीपन, बिहार निवासी अतीक अहमद (40), उनकी पत्नी कजीवा (30), खटीमा की परमी देवी (50), संगीता (30) व उनकी बेटी पायल (9), गोठा (सितारगंज) निवासी गीता देवी (40) को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। कनिष्का और सीता अपनी बुआ के साथ यहां रुद्रपुर आ रही थीं। वहीं घायलों का हाल जानने के लिए एडीएम जगदीश चंद्र कांडपाल और एसडीएम युक्ता मिश्रा भी अस्पताल पहुंची थी।