गदरपुर में शौचालयों का लोकार्पण करते कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे व पालिकाध्यक्ष गुलाम गौस।
- फोटो : RUDRAPUR
पालिका की ओर से नगर के विभिन्न स्थानों पर लगभग 60 लाख की लागत से कराए गए विकास कार्यों का बुधवार को कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे, पालिका अध्यक्ष गुलाम गौस ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया। इस दौरान पालिका बोर्ड के अधिकतर सभासदों की कार्यक्रम से दूरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
सार्वजनिक शौचालय, सामुदायिक शौचालय, सीसी रोड ,नाला निर्माण सहित कुल आठ विकास कार्यों के लोकार्पण को लेकर कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष गुलाम गोस ने की। वार्ड नंबर चार के अंतर्गत बनाए गए शौचालय के लोकार्पण के दौरान शिलापट पर वार्ड सभासद का नाम अंकित था लेकिन पूरे कार्यक्रम के दौरान सभासद का नजर न आना चर्चा का विषय रहा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पालिका प्रशासन की ओर से जनहित में नगर में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। वाहन पार्किंग का कार्य तेजी से चल रहा है। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि दो वर्ष के कार्यकाल में करीब 10 करोड़ के विकास कार्य कराए हैं। 15 अन्य विकास कार्यों का जल्द लोकार्पण किया जाएगा। वहां सुभाष गुंबर, राकेश भुड्डी, राजेश गुंबर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष चकित हुडिया, रोहित सुदामा, सतीश मिड्डा, जुल्फिकार अली थे।
इधर, विगत कुछ दिनों से पालिकाध्यक्ष और सभासदों में चल रही तकरार थमने का नाम नहीं ले रही है। आठ स्थानों पर लाखों रुपये से कराए गए विकास कार्यों के लोकार्पण के दौरान अधिकतर सभासद कार्यक्रम में नजर नहीं आए। सभासद पूर्व में ही कार्यक्रम के विरोध की घोषणा कर चुके थे। उनका कहना था कि जिन विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है, उन्हीं कार्यों की जांच की मांग डीएम से की गई है। आरोप है कि भुगतान करवाने के खातिर यह लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित कराया गया है।