रुद्रपुर रोडवेज कार्यालय में अधिकारियों को निर्देश देते आरएम यशपाल सिंह।
- फोटो : amar ujala
रुद्रपुर बस स्टेशन और वर्कशाप का मंगलवार को मंडलीय प्रबंधक यशपाल सिंह ने चार सदस्यीय टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। वर्कशाप में गंदगी मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार मारी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
मंडलीय प्रबंधक यशपाल सिंह ने एआरएम कार्मिक मनोज दुर्गापाल, एआरएम वित्त सुरेंद्र बिष्ट व सहायक लेेेखाधिकारी भास्कर जोशी के साथ रुद्रपुर डिपो व वर्कशाप का औचक निरीक्षण किया। मंडलीय प्रबंधक के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों व अधिकारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान वर्कशाप में चार बसें तकनीकी खराबी के चलते खराब मिली।
वर्कशाप परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार मारी। रुद्रपुर डिपो से विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन समय सारणी के अनुसार न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए एआरएम महेंद्र कुमार और वरिष्ठ केंद्र प्रभारी निशा सक्सेना को आवश्यक निर्देश दिये। आगामी दशहरा पर्व पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए डिपो की तैयारियों की समीक्षा की।
मंडलीय प्रबंधक ने कहा कि आनंद विहार आईएसबीटी में रोडवेज बसों का पार्किंग शुल्क 100 रुपये से बढ़कर 200 रुपये हो गया है। इसके साथ ही अब परिचालक पार्किंग शुल्क का नगद भुगतान नहीं करेंगे। चिप के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया जाएगा।