रुद्रपुर। खाद्य विभाग ने राइस मिलर्स और कच्चा आढ़तियों को धान खरीदने के लिए कोड जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अब तक 300 राइस मिलर्स और 300 कच्चा आढ़तियों को कोड जारी कर दिए हैं। साथ ही धान खरीदने की सीमा दो हजार क्विंटल तय कर दी है। कोड जारी करने की प्रक्रिया एक-दो दिन और चलेगी।
विगत वर्ष खाद्य विभाग ने धान खरीद नीति जारी करने के दौरान ही राइस मिलर्स और कच्चा आढ़तियों की सूची जारी कर दी थी। इस दौरान ऊधमसिंह नगर में 400 राइस मिलर्स और 400 कच्चा आढ़तियों को कोड जारी किए थे। लेकिन इस बार एक अक्तूबर से क्रय केंद्रों पर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी राइस मिलर्स और कच्चा आढ़तियों को कोड जारी नहीं किए गए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार धान खरीद शुरू होने से पहले ही राइस मिलर्स पहले बैंक गारंटी ढाई करोड़ से एक करोड़ रुपये करने, पुराना बकाया भुगतान शीघ्र देने और मंडी शुल्क को 2.5 फीसदी से घटाकर 2 फीसदी कम करने की जिद में अड़े थे। मांग पूरी होने के बाद ही राइस मिलर्स कच्चा आढ़तियों से धान खरीदने के लिए तैयार हुए।
इसके बाद पहले राइस मिलर्स और फिर कच्चा आढ़तियों से आवेदन पत्र मांगे। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद राइस मिलर्स और कच्चा आढ़तियों को कोड जारी किए गए हैं।
कोट -
पहले चरण में 150 से अधिक राइस मिलर्स को कोड जारी किए गए थे। इसके बाद 150 राइस मिलर्स को और कोड जारी कर दिए हैं। साथ ही 350 कच्चा आढ़तियों को भी कोड जारी कर दिए हैं। तीन-चार दिन में जिनके आवेदन आएंगे उन्हें भी कोड जारी किए जाएंगे। इसके बाद यह प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी। राइस मिलर्स और कच्चा आढ़तियों की धान खरीद की सीमा दो हजार क्विंटल भी तय की गई है। - लता मिश्रा, आरएमओ, कुमाऊं