रुद्रपुर। छतरपुर-शांतिविहार भूरारानी सड़क का हॉटमिक्स से पुनर्निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा। निर्माण कार्य के लिए लोनिवि प्रांतीय खंड ने टेंडर लगा दिए हैं। शासन ने बीते मार्च में पांच किमी लंबी सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 2.47 करोड़ रुपये स्वीकृत करते हुए वित्तीय और प्रशासकीय स्वीकृति दी थी। लोनिवि ने एक पखवाड़ा पहले सड़क की टेंडर प्रक्रिया संपन्न कर दी है। वर्तमान में संबंधित ठेकेदार से अनुबंध की प्रक्रिया चल रही है।
छतरपुर-शांतिविहार भूरारानी सड़क की दशा कई वर्षों से खराब थी। पांच किमी लंबी सड़क से डामर पूरी तरह से उखड़ गया था। सड़क पर वाहन संचालन में बेहद दिक्कत हो रही थी। प्रत्येक बरसात से पहले लोनिवि सड़क पर कोलतार की पट्टी लगाकर सड़क को वाहन संचालन के लायक बनाता था। बरसात के बाद सड़क फिर से गड्ढों में तब्दील हो जाती थी। लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह महरा का कहना है कि ठेकेदार से अनुबंध की प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क पुनर्निर्माण का काम शुरू करा दिया जाएगा।