रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सोमवार देर रात किन्नर का भेष धारण किए कुछ युवकों के उत्पात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवकों ने सड़क पर अश्लील हरकतें कीं। महिलाओं और राहगीरों से अभद्रता कर दुकानों और ठेलों में तोड़फोड़ कर सामान सड़क पर फेंक दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।
नकली किन्नर बने युवकों की हरकतों का दुकानदारों ने विरोध किया तो वह बदसलूकी पर उतर आए। लोगों की सूचना पर पुलिस के साथ किन्नर समाज के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। किन्नर समाज की गुरु सुनीता और मुखिया पिंकी ने साफ कहा कि पकड़े गए लोग असली किन्नर नहीं हैं, बल्कि किन्नर के भेष में पुरुष है। कहा कि ऐसे बहरूपिये जबरन वसूली और अशोभनीय हरकतों के जरिए किन्नर समाज की छवि धूमिल कर रहे हैं।
कोट
मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिसमें एक असली किन्नर के दिखाई देने की बात सामने आई है। किन्नर समाज की ओर से तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर