मुख्यमंत्री हरीश रावत और केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए डीएम अक्षत गुप्ता ने कार्यक्रम स्थल कॉनकोर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। भारतीय रेलवे की नवरत्न कंपनी कंटेनर कारपोरेशन आफ इंडिया कॉनकोर और राज्य के सिडकुल के संयुक्त उपक्रम मल्टी मार्डन लॉजिस्टिक पार्क से डोमेस्टिक सेवा 28 नवंबर से प्रारंभ होने जा रही है।
यह पार्क 40 एकड़ में 90 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी ने रेलवे, कॉनकोर और सिडकुल के अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए। वीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए खाली जगह पर बेरिकेटिंग की जाए।
कार्यक्रम स्थल पर स्टेज, विद्युत, पेयजल और माइक की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी के आने जाने के लिए अलग से गेट होना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा डोमेस्टिक सेवा की सुविधा शुरू हो जाने से यहां के उद्योग पतियों को सुविधा मिलेगी। कंटेनरों के जरिए उद्योगों का कच्चा-पक्का माल अब आसानी से मिलना और भेजना शुरू हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल गौरव चटवाल, जीजीएम कॉनकोर सुरेद्र कुमार, राजकपूर, एसएस द्विवेदी, रेलवे के आरएस राना, एमसी पांडे, भूपेन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे।