खटीमा। बुजुर्ग महिला जानकी चंद की हत्या के मामले में पुलिस टीमों ने दिल्ली और हरियाणा में दबिश दी। स्थानीय स्तर पर काॅलोनी और बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी गहन जांच की गई। कई संदिग्धों से पूछताछ की गई लेकिन तीसरे दिन भी पुलिस कोई ठोस सुराग नहीं लगा सकी। शुक्रवार देर शाम मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।
खटीमा की देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में रहने वाली 65 वर्षीय जानकी चंद बुधवार रात अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली थीं। उनके सिर, चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए। खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने बाहरी राज्यों तक दबिश दी है। कोतवाल विजेंद्र शाह के अनुसार कालोनी में बहुत कम घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे मिले जिनकी फुटेज खंगाली जा रही है।
सीओ विमल रावत ने बताया कि परिजनों की ओर से घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की गई है। पुलिस घटना की हर एंगल से जांच और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
हत्या के बाद ताला लगाने वाला कौन
घटनास्थल से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला के हाथ और गले पर चोट के निशान मिले लेकिन कमरे में न तो अलमारी टूटी थी और न ही लॉकर से छेड़छाड़ के निशान मिले। पूरा सामान व्यवस्थित मिला। मोबाइल फोन चार्जिंग पर साइलेंट मोड में लगा था और कोई धारदार हथियार भी नहीं मिला। मौत का स्पष्ट कारण सामने न आने पर विसरा जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों के साथ भूतपूर्व सैनिक संगठन ने भी शीघ्र खुलासे की मांग की है।
धार्मिक महिला को क्यों मारा
स्थानीय लोगों के अनुसार जानकी चंद आध्यात्मिक संस्था ब्रह्माकुमारी से जुड़ी थीं और नियमित रूप से ऑनलाइन सत्संग में शामिल होती थीं। उनके पति हरीश चंद का लगभग 12–13 वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। उनकी दो बेटियां विवाहित हैं और पुत्र गोरखा रेजिमेंट में कार्यरत है। मूल रूप से पिथौरागढ़ के अडाली निवासी इस परिवार के अन्य सदस्य बिरिया मझोला गांव में रहते हैं।
फौजी बेटा बोला- जल्द खुलासा करे पुलिस
पंजाब में सेना में तैनात पुत्र प्रेमचंद और दोनों विवाहित बेटियों ने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है। बेटे ने बताया कि उसकी मां से नियमित बातचीत होती थी, लेकिन बुधवार को फोन न उठाने पर संदेह हुआ और बाद में घटना का पता चला।
अकेले बुजुर्गों की सुरक्षा पर उठे सवाल
जानकी चंद अपने दोमंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर अकेली रहती थीं और निचला हिस्सा किराये पर दिया हुआ था। किरायेदार ने दिनभर उन्हें नहीं देखा तो उनकी पुत्री को सूचना दी गई। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने वीडियोग्राफी के बीच ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो शव बरामद हुआ। घटना ने अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।