गुरुनानक यूथ क्लब प्रातपपुर द्वारा आयोजित ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता का शुभारंभ कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी रहे देवेंद्र चंद ने किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के बीस ट्रैक्टर चालकों ने प्रतिभाग किया। जिसका फाइनल मुकाबला समय की कमी के चलते शनिवार को आयोजित किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार जीतने वाले को 21 हजार रुपए नकद दिया जाएगा।
प्रतापपुर इंटर कालेज में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ करने आए चंद ने कहा कि प्रतियोगिता बेहद रोमांचक है। ऐसी प्रतियोगिताओं से आस पास के ग्रामीणों में जहां भाईचारा बढ़ता है वहीं उनमें प्रतियोगिता की भावना भी प्रबल होती है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता सकारात्मक होनी चाहिए। इस बार जो प्रतियोगी रह जाएगा वह आगे और कड़ी मेहनत कर तैयारी करें। उन्होंने आयोजकों के प्रयास की सराहना की। टोचन प्रतियोगिता को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी इंटर कालेज का मुख्य भवन, आवासीय क्वाटर सब की छतें फुल थी। सबसे पहले कमेटी ने सभी ट्रैक्टरों का वेट कराया और सबका वेट एक समान कराया। प्रतियोगिता का रोमांच देखने लायक था। देखने वालों की भीड़ बैरीकेटिंग क्रास कर प्रतियोगिता स्थल तक घुस आयी।
प्रतियोगिता में दियूरी के बलदेव सिंह 855, बलखेड़ा के बलविंदर सिंह 1159, जितेंद्र सिंह प्रतापपुर 5560, बलदीप सिंह प्रतापपुर 3630 सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। सेमीफाइन और फाइनल मुकाबला शनिवार को होगा। इस अवसर पर युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी, ब्लाक प्रमुख दान सिंह राणा, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष हरीश बोरा, पूर्व प्रमुख भुवन राणा, रबीश भटनागर, ग्राम प्रधान सतपाल सिंह, पूर्व प्रधान बलकार सिंह, अनमोल सिंह टुर्ना, सर्वजीत सिंह चंदी, बलदीप सिंह, गुरुप्रीत सिंह, गुरुसेवक सिंह, मनदीप सिंह, गुरुमोहन सिंह, सिमरन सिंह आदि थे।