पंतनगर। तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित ठेका कर्मियों ने ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में सोमवार को प्रशासनिक भवन का घेराव किया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कार्यालयों में विभागीय कार्य पूरी तरह ठप रहे।
घेराव के दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि तीन माह बीतने के बाद भी श्रमिकों को वेतन नहीं दिया गया है। कुलपति ने प्रतिमाह ठेका कर्मचारियों को 26 कार्यदिवस का वेतन माह के पहले सप्ताह में देने का आदेश जारी किया है लेकिन आज भी अधिकारी ठेका श्रमिकों से 26 दिन काम नहीं करा रहे हैं।
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक ओछी राजनीति कर रहे हैं। विधायक में यदि नैतिकता है तो वह मुख्यमंत्री के पास धरना देकर विवि को पर्याप्त बजट दिलवाएं। कहा कि विवि प्रशासन की ओर से सोमवार को भी वेतन भुगतान संबंधी किसी ठोस निर्णय की जानकारी नहीं दी गई। तय हुआ कि वेतन का भुगतान होने तक घेराव प्रतिदिन सुबह साढ़े नौ से दोपहर एक बजे तक जारी रहेगा। वहां इंटक जिलाध्यक्ष एवं संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष जनार्दन सिंह, महामंत्री ओएन गुप्ता, संतोष कुमार, महेंद्र शर्मा, कांग्रेस प्रदेश महासचिव हरीश पनेरू, शाकिर अली, प्रकाश, छोटेलाल आदि थे।
ठेका श्रमिकों के समर्थन में उतरे नियमित कर्मी, सफाई ठप
पंतनगर। ठेका श्रमिकों के समर्थन में विद्युत, सफाई विभाग सहित नियमित कर्मियों के उतरने से विभागीय कार्य पूरी तरह ठप हो गए। सभा में नियमित कर्मियों गोरख सिंह, शिवानंद पांडेय, अनिल रस्तोगी, राजेंद्र सिंह, जगदीश भगत आदि ने आरोप लगाया कि ठेका कर्मियों से प्रतिमाह 26 दिन कार्य लेकर 15 से 20 दिनों का ही भुगतान किया जा रहा है। नियमित कर्मियों ने आपसी सहयोग से प्रदर्शनकारियों के लिए दोपहर में लंगर की भी व्यवस्था की थी, जो प्रदर्शन जारी रहने तक चलती रहेगी। (संवाद)
चार लेबर कोड रद्द करने की मांग को लेकर दिया धरना
रुद्रपुर। ऑल इंडिया सेंट्रल सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (एक्टू) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने चार श्रम कोड को रद करने की मांग को लेकर आंबेडकर पार्क में धरना दिया। एक्टू प्रदेश महामंत्री केके बोरा ने बहा कि एक्टू ने लेबर कोडों के खिलाफ 15 दिवसीय व्यापक प्रचार अभियान चलाया था। इस अभियान के समापन पर धरना दिया गया है। कहा कि चार लेबर कोड और तीनों कृषि कानूनों से मोदी सरकार कुछ कारपोरेट घरानों को मजबूत करने में जुटी है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक्टू जिला अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि लेबर कोड से ट्रेड यूनियन और सामूहिक मांग समाधान पर नकारात्मक असर पड़ेगा। जिला सचिव रीता कश्यप ने कहा कि लेबर कोड स्कीम वर्कर महिला मजदूर के अधिकार पर कुछ भी व्यवस्था नहीं देती है। वहां नगर सचिव रविंद्र पाल, शरमीन सिद्दीकी, राजरानी गौतम, कमलेश कार्की, पुर ुषोत्तम बोरा, प्रेम गंगवार, मनोज प्रजापति, सूरज वर्मा आदि थे।
स्थायी रोजगार की मांग को लेकर डीएम से मिले डिप्लोमाधारी
रुद्रपुर। अशोक लीलैंड में आशीर्वाद योजना के तहत आटोमोबाइल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर चुके युवाओं ने डीएम और एडीएम से मिलकर कंपनी में स्थायी रोजगार की मांग की है। दोनों अधिकारियों ने दोनों पक्षों की वार्ता कराकर जल्द मामले को सुलझाने का आश्वासन दिया है।
सोमवार को कांग्रेस नेता सुमित हृदयेश की अगुवाई में डिप्लोमाधारियों ने डीएम रंजना राजगुरू से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद योजना के तहत कंपनी से डिप्लोमा कर चुके कई युवाओं को प्रबंधन ने रोजगार दिया था लेकिन सात सौ से अधिक डिप्लोमाधारियों को कंपनी प्रबंधन रोजगार देने में हाथ खड़े कर रहा है। इसको लेकर नौ फरवरी को कंपनी गेट पर धरना प्रदर्शन किया गया था। डीएम ने कहा कि इस मामले को लेकर प्रशासन गंभीर है। एडीएम और एसडीएम संजीदगी के साथ मामले को देख रहे हैं। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम जगदीश कांडपाल से वार्ता कर अपना पक्ष रखा। एडीएम ने जल्द मामले में प्रबंधन के साथ डिप्लोमाधारियों की वार्ता कराकर हल निकालने का आश्वासन दिया। वहां कांग्रेस प्रदेश महासचिव गोविंद बिष्ट, हिमांशु गाबा, हरीश पनेरू, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा, सुशील गाबा, अभिषेक शुक्ला, ओंकार सिंह ढिल्लो, हरि प्रकाश गौड़ आदि थे।