रुद्रपुर। जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पदोन्नति के स्वीकृत रिक्त पदों पर अतिशीघ्र पदोन्नति किए जाने आदि विभिन्न मांगों को लेकर उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षक संघ तदर्थ समिति के पदाधिकारियों ने आवाज बुलंद की। इस दौरान सीईओ, डीईओ की अनुपस्थिति में बीईओ को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
शनिवार को सीईओ कार्यालय पर आयोजित धरने में तदर्थ समिति के अध्यक्ष गुलाब सिंह सिरोही ने बताया कि नवंबर 2023 से अब तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। इस अवधि के दो शिक्षा सत्रों में लगभग 100 शिक्षक सेवानिवृत्त हो चुके हैं। कोषाध्यक्ष नितेंद्र सिंह गिल ने कहा कि जिले के कई शिक्षकों पर विभिन्न शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई है।
संघ किसी ऐसे शिक्षक का बचाव नहीं करता पर विभाग ऐसी शिकायतों की पूरी जांच करा ले। मंत्री शैलेश कुमार जोशी ने मांग किया कि क्षेत्रीय शाखा उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन से संबंधित पदाधिकारियों के शिकायती प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही सेल्फ इन के फीचर को निजी मोबाइल से करने के लिए शिक्षकों को बाध्य न किया जाए। धरने में बाबू मजूमदार, सत्येंद्र राठी, देवेंद्र सिंह, नरेंद्र कुमार, सोनी यादव, श्वेता डाबर, बीना जोशी, प्रदीप पांडेय आदि शिक्षक शामिल रहे।