काशीपुर के कचनाल गाजी में पार्षद के समक्ष विरोध जताते किसान। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। कचनालगाजी स्थित ट्रंचिग ग्राउंड में डालने के लिए लाया गया कूड़ा खेतों के किनारे फेंके जाने से किसानों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने निगम कर्मियों को कचरा फेंकने से रोकते हुए पार्षद को खरीखोटी भी सुनाई। एमएनए ने दो दिनों के भीतर कचरा ट्रंचिग ग्राउंड में डलवाने का आश्वासन दिया।
निगम क्षेत्र से एकत्र किए जाने वाला कूड़ा कचनालगाजी स्थित ट्रंचिग ग्रांउड में डाला जाता है लेकिन टैंपो चालक कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड में डालने की बजाय सड़क किनारे खेतों में डालकर भाग जाते हैं। मंगलवार को ट्रंचिंग ग्राउंड के बाहर सड़क किनारे कूड़ा डालने से वहां किसानों का गुस्सा भड़क गया। उनका कहना है कि सड़क पर कूड़ा डालने से उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं। इसके अलावा सड़क का कूड़ा उड़कर उनके घरों में घुस रहा है। किसानों की सूचना पर पार्षद रवि प्रजापति व पार्षद संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने उन्हें खूब खरीखोटी सुनाई। उनका कहना है कि सफाई कर्मी ट्रंचिंग ग्राउंड तक जाने की बजाय सड़क पर ही कूड़ा फेंककर चले जाते हैं। आरोप है कि सफाई? कर्मी उनके घरों में लगे नलों पर हाथ-पैर धोते हैं। कूड़ा डालने का विरोध करने पर वह उनके साथ अभद्रता करते हैं। विरोध के चलते कूड़े से भरे अन्य टैंपो निगम परिसर में ही खड़े रहे। लोगों के गुस्से को देख पार्षद रवि ने निगम कार्यालय पहुंचकर एमएनए गौरव कुमार को समस्या से अवगत कराया। एमएनए ने आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर बाहर फेंका गया कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड में डलवा दिया जाएगा। आगे से ट्रंचिंग ग्राउंड से बाहर कूड़ा डालने वाले सफाई कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।