फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसी भी बोर्ड बैठक में पारित नहीं किया गया महादेवनगर में ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव: मेयर

विज्ञापन
विज्ञापन
काशीपुर। महादेव नगर मेें प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड पर मेयर ऊषा चौधरी और आप नेता दीपक बाली आमने सामने आ गए हैं। बुधवार को बाली ने मेयर पर खनन के खेल का आरोप लगाया था। बृहस्पतिवार को मेयर ने भी पत्रकारों के सामने अपनी बात रखते हुए बाली के आरोपों को निराधार बताया है। मेयर का कहना है कि किसी भी बोर्ड बैठक में महादेव नगर में ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है।
विज्ञापन

अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए मेयर का कहना था कि उन पर आरोप लगाने वाले दीपक बाली पर समय-समय पर अवैध खनन के आरोप लगे हैं। अब वह राजनेता बनने का ख्वाब देखते हुए उन पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। बाली के आरोपों के जवाब में मेयर ने कहा कि किसी भी बोर्ड बैठक में महादेव नगर में ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव पारित नहीं किया गया।
लखविंदर सिंह ने अपनी भूमि पर तीन साल तक नगर निगम का कूड़ा डंप जाने की अनुमति मांगी थी। यह एक नीतिगत और महत्वपूर्ण विषय होने के कारण इसे मूल एजेंडे का भाग बनाते हुए बोर्ड में लाकर कुछ प्रतिबंधों के साथ स्वीकृत किया गया। बोर्ड बैठक में 42 पार्षदों में से मात्र दो पार्षद अनुपस्थित थे।
विज्ञापन

भूस्वामी की ओर से नगर निगम को अपनी कोई भूमि नहीं दी जा रही बल्कि उसकी ओर से निगम के कूड़े को अपने खर्चे पर अपनी भूमि में निस्तारण करने की बात कही गई। खोदान से निकलने वाले माल के स्वामित्व के सवाल पर मेयर का कहना था कि यह निगम से संबंधित नहीं है खोदान शासन की ओर से प्राधिकृत विभाग और नियुक्त अधिकारी की ओर से किया जाता है। वार्ता के लिए मेयर कुछ पार्षदों को भी लेकर पहुंची थी लेकिन पत्रकारों ने पूरा मामला मेयर से संबंधित बताते हुए सिर्फ उनसे ही बात की।
आरोप सही हैं तो केस दर्ज कराएं बाली और मुक्ता
काशीपुर। मेयर ऊषा चौधरी ने कहा कि अगर खनन व्यापारी दीपक बाली के आरोप सही लगते हैं तो वह उनके खिलाफ किसी भी थाने में केस दर्ज कराएं। वह गलत नहीं हैं इसलिए हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। कांग्रेस नेता मुक्ता सिंह के बयान पर मेयर का कहना था कि मुक्ता सिंह उनकी मौसेरी सास हैं। अगर उनको भी इसमें भ्रष्टाचार नजर आता है तो वह भी उनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत करा सकती हैं। (संवाद)
आरोपों से आहत हुईं मेयर
काशीपुर। ट्रंचिंग ग्राउंड के मामले में मेयर ऊषा चौधरी दीपक बाली के आरोपों से आहत थीं। उनका कहना था कि उनके निष्पक्ष और ईमानदार व्यक्तित्व के कारण ही जनता ने उन्हें तीन बार मेयर का दायित्व सौंपा है। इतने वर्षों में पहली बार किसी ने उन पर इस तरह के आरोप लगाए हैं। बाली उनसे मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की अपेक्षा कर रहे हैं। भविष्य में वह बाली की इस अपेक्षा को विधि सम्मत परामर्श से पूरा करने का प्रयास करेंगी। (संवाद)
कूड़ा निस्तारण के लिए बन रहा है क्लस्टर
काशीपुर। कूड़ा निस्तारण के लिए लगाई जा रही मशीन के बारे में मेयर का कहना था कि वर्तमान ट्रंचिंग ग्राउंड से सटे निगम के भूखंड पर भारत सरकार के सौजन्य से कूड़ा निस्तारण क्लस्टर बनाया जा रहा है। इसके लिए पांच करोड़ 70 लाख रुपये का बजट मिला है। इसमें आसपास की नगर पंचायतों का कूड़ा निस्तारण किया जाएगा।
फिर हुआ ट्रंचिंग ग्राउंड का विरोध
काशीपुर। बृहस्पतिवार को भी महादेव नगर में प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड का विरोध हुआ। ग्रामीणों ने मेयर ऊषा चौधरी को ज्ञापन देकर उक्त भूमि पर ट्रंचिंग ग्राउंड न बनाने की मांग की। मेयर ने कहा निगम का अपना ट्रंचिंग ग्राउंड है। वहां ग्राउंड बनाने की कोई योजना नहीं हैं। ज्ञापन देने वालों में बसपा नेता डॉ. एमए राहुल, सतपाल, रवि, जितेंद्र, राजू, अंकुर, छोटू आदि थे। (संवाद)
अपने आरोपों पर कायम हूूं बाली
काशीपुर। आप के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली का कहना है कि उन्होंने मेयर ऊषा चौधरी पर जो आरोप लगाए हैं वह पूरी तरह सही हैं। मेयर सत्ता पक्ष की हैं, प्रदेश में उनकी सरकार है। उनके एक पत्र पर पूरे मामले की जांच हो सकती है। खुद को आरोप मुक्त करने के लिए वह मामले की जांच कराकर उन पर मुकदमा कर सकती हैं। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें