लापरवाही पर प्रधानाध्यापक का रुकेगा वेतन, नोटिस जारी
रुद्रपुर में प्राथमिक स्कूल में बच्चों को न तो नियमित कार्य दिए जा रहे हैं और न ही गृह कार्य हो रहे हैं। यहां तक कि शिक्षक डायरी भी नहीं भरी जा रही है। इस लापरवाही पर चंदननगर प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक का वेतन रोकते हुए नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।
मंगलवार को उप शिक्षाधिकारी रुद्रपुर सावेद आलम ने चंदननगर प्राथमिक स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पाया कि यहां के बच्चों का अधिगम स्तर एकदम निम्न है। साथ ही बच्चों को विषयों का नियमित कार्य भी नहीं दिया जा रहा। इसके अलावा गृह कार्य भी नहीं दिया जा रहा है। कार्यालय में रजिस्टर आदि का रखरखाव भी ठीक नहीं पाया गया। यहां तक कि शिक्षक डायरी भी नहीं भरी जा रही। उप शिक्षाधिकारी ने इसे घोर लापरवाही मानते हुए चेतावनी दी कि जल्द ही स्कूल का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। उस दौरान अगर सुधार नहीं मिला तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिक स्कूल चंदननगर के निरीक्षण में घोर लापरवाही मिली है। बच्चों का अधिगम स्तर निम्न पाया गया तो उन्हें नियमित व गृह कार्य भी नहीं दिए जा रहे। इसके लिए प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार मानते हुए उनका अगस्त का वेतन रोकते हुए नोटिस जारी किया जाएगा।
- सावेद आलम, उप शिक्षाधिकारी रुद्रपुर।