पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और मीना शर्मा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सोशल मीडिया के बढ़ते चलन के बीच शहर के दो नेताओं में पोस्टर वार छिड़ गया है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और भाजपा नेता मीना शर्मा ने अखबारों में अलग-अलग पैंफ्लेट डालकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। दोनों पोस्टरों के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। एक पक्ष इसे न्याय की मांग बता रहा है तो दूसरा पक्ष महिला सम्मान से जोड़कर देख रहा है। फिलहाल पुराने ऑडियो प्रकरण की जांच और वॉयस सैंपल पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ठुकराल ने कहा मुझे न्याय मिले
एक सप्ताह पहले पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने अखबारों के जरिए शहर में पैंफ्लेट बंटवाए। इसमें ठुकराल ने शीर्षक लिखा कि आखिर मेरा गुनाह क्या था? मुझ सेवक के साथ न्याय करो। नीचे लिखा कि वे चुनाव लड़ना चाहते हैं। दावा किया कि उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है। पोस्टर के माध्यम से उन्होंने विरोधियों पर डीपफेक और एआई तकनीक से आवाज की कूट रचना कर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पिछले साढ़े चार साल में उन्होंने कई कष्ट सहे लेकिन जनता के स्नेह से टूटे नहीं हैं।
मीना ने पूछा, आपका टिकट कैसे कटा
अब मीना शर्मा ने आपका ही कसूर है शीर्षक से पैंफ्लेट बंटवाए हैं। इसमें उन्होंने ठुकराल से उनके टिकट कटने को लेकर सवाल पूछा है। पोस्टर में शर्मा ने आरोप लगाया है कि ठुकराल ने उनके और उनके पति के चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जिसकी आवाज आज भी उनके कानों में गूंजती है। उन्होंने तीन घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा है कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा की बात करने वाले नेताजी से जनता अब हर प्रकरण का जवाब चाहती है। उनका कहना है कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार करने वालों को समाज माफ नहीं करेगा और वह इस लड़ाई को लड़ेंगी।
मामला जब तक हाईकोर्ट में विचाराधीन है मैं कुछ नहीं करूंगा। चुनाव से पहले मुझे फंसाने की साजिश हो रही है। मैं इससे डरने वाला नहीं हूं। - राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता
ठुकराल के बारे में कौन नहीं जानता। सबको पता है उन्होंने मेरे और मेरे पति के लिए क्या शब्द कहे। मैं इस लड़ाई को लड़ती रहूंगी। - मीना शर्मा, भाजपा नेता