बिलासपुर के डिबडिबा में नवरीत के पिता से मिलते किसान नेता।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 21 मार्च को रामनगर (नैनीताल) में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से होने वाली किसान पंचायत के लिए जिले के किसानों से जनसंपर्क किया जा रहा है। इसी क्रम में किसान नेताओं ने नानकमत्ता, सितारगंज, रुद्रपुर और बाजपुर के किसानों से संपर्क कर किसान पंचायत में पहुंचने की अपील की।
किसान नेताओं ने दिल्ली में ट्रैक्टर रैली में जान गंवाने वाले युवा किसान नवरीत सिंह के बिलासपुर के डिबडिबा स्थित घर जाकर उनके पिता सरदार विक्रमजीत सिंह से मुलाकात कर शोक संवेदना जताई और किसान पंचायत के लिए उन्हें आमंत्रित किया। जनसंपर्क टीम में शामिल किसान नेता और मोर्चा से जुड़े ललित उप्रेती ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पूरे देश में किसान पंचायतों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में रामनगर के प्रगतिशील सांस्कृतिक पर्वतीय समिति प्रांगण में पंचायत रखी गई है। इसको संयुक्त किसान मोर्चा (केकेयू पंजाब) के राजेंद्र सिंह, भाकियू यूपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह और युवा किसान संयुक्त मोर्चा के संयोजक कमांडो रामेश्वर श्योराम संबोधित करेंगे।
कहा कि तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने के साथ ही किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी के साथ ही वनाश्रित समुदाय को भूमि पर मालिकाना हक देने, जंगली जानवरों से इंसानों, मवेशियों, फसलों की सुरक्षा करने और किसानों के कृषि ऋण को माफ करने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर से दिल्ली के विभिन्न बॉर्डरों में तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान लामबंद हैं।
किसान संगठनों और सरकार के बीच 11 दौर की वार्ताएं विफल हो चुकी हैं लेकिन सरकार कानून रद्द करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि कानूनों को रद्द करने सहित अन्य मांगों को होने वाली पंचायत को लेकर ऊधमसिंह नगर के विभिन्न हिस्सों में किसानों से संपर्क किया जा रहा है। किसानों से पंचायत में पहुंचने की अपील करने के साथ ही पर्चे भी बांटे जा रहे हैं। टीम में मुनीष कुमार, महेश जोशी, गोपाल लोधियाल, राजवीर सिंह, राजेंद्र सहित अन्य शामिल हैं। (संवाद)