राजाखेड़ा (राजस्थान) के विधायक व कांग्रेस पर्यवेक्षक रोहित बोरा के समक्ष विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए 12 कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की। उन्होंने अपनी उपलब्धियां पर्यवेक्षक को बताईं। कुछ दावेदारों ने विधानसभा क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का सुझाव दिया। कहा कि संगठन की शिथिलता का खामियाजा पिछले विस चुनावों में पार्टी को उठाना पड़ा है।
काशीपुर विस क्षेत्र में चुनाव में कांग्रेस के दावेदारों के आवेदन और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक रोहित बोरा काशीपुर पहुंचे हैं। वह काशीपुर में तीन दिन रहकर यहां के राजनैतिक माहौल को भांपेंगे। रविवार को रामनगर रोड स्थित एक होटल में उन्होंने टिकट के दावेदारों से आवेदन लिए। इस दौरान काशीपुर से पहले दो बार चुनाव लड़ चुके मनोज जोशी, मेयर का चुनाव लड़ चुकीं मुक्ता सिंह, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल, अलका पाल, अरुण चौहान, राजीव चौधरी, इंदूमान, शफीक अंसारी, आशीष अरोरा बॉबी, मीनू गुप्ता, जितेंद्र सरस्वती और हरीश कुमार सिंह ने विस चुनाव 2022 के लिए टिकट की दावेदारी दी। उन्होंने पर्यवेक्षक को अपना-अपना प्रोफाइल भी बताया।
इस दौरान पर्यवेक्षक के समक्ष काशीपुर महानगर और ब्लॉक क्षेत्र में कमजोर संगठन का मुद्दा भी उठाया। कहा गया कि काशीपुर विस क्षेत्र में 202 बूथ आते हैं लेकिन अक्सर कांग्रेस की मीटिंगों और कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अपेक्षा के मुताबिक नहीं रहती। पार्टी के दो ब्लॉक अध्यक्षों का निवास भी शहरी क्षेत्र में हैं। ग्रामीण क्षेत्र से उनका संपर्क बहुत कम है। कुछ दावेदारों ने पर्यवेक्षक को बताया कि चुनाव में उतरने से पहले पार्टी को मजबूत संगठन की दरकार है क्योंकि भाजपा का संगठन अपेक्षाकृत कहीं मजबूत है।
गदरपुर सीट पर हुई रायशुमारी
गदरपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक ने विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी करने वाले दावेदारों के साथ रायशुमारी की।
रविवार को राजस्थान के जयपुर के आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रफीक खान ने गदरपुर विधानसभा सीट पर बतौर चुनाव पर्यवेक्षक दावेदारों के साथ चुनावी चर्चा की। कहा कि जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और योजनाओं का कार्यकर्ता सुरक्षित प्रचार प्रसार करें। बैठक का संचालन कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नासिर हुसैन ने किया। वहां पर शिल्पी अरोरा, रीना कपूर, सुरेशी शर्मा, ममता हालदार, राजेंद्र पाल सिंह, प्रेमानंद महाजन, प्रीत ग्रोवर, सुमित्तर भुल्लर, जितेंद्र शर्मा आदि थे। संवाद
काशीपुर में कांग्रेस पर्यवेक्षक के समक्ष टिकट की दावेदारी करते कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संदीप स?- फोटो : KASHIPUR