खटीमा। निकाय चुनाव को लेकर रविवार को पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। साथ ही किराएदारों, फड़-फेरी, ई-रिक्शा चालकों और होटल ढाबों में काम करने वालों के सत्यापन को लेकर सघन अभियान चलाया। इस दौरान 550 लोगों के सत्यापन किए गए। सत्यापन न कराने पर 24 मकान मालिकों का धारा 52(3)/83 पुलिस अधिनियम में चालान किया और तीन लोगों का 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालान किया।
निकाय चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस ने शहर भर में फ्लैग मार्च निकाला। खटीमा कोतवाली, थाना झनकईया, अभियोजन कार्यालय खटीमा व पीएसी बल की गठित पांच टीमों का गठन कर सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान इस्लाम नगर, गोटिया, नई बस्ती के सभी वार्डों में सुबह छह बजे से सत्यापन अभियान चलाया गया। करीब 550 घरों में लोगों का सत्यापन कर जांच की गई। किराएदारों का सत्यापन न कराने पर 24 मकान मालिकों पर जुर्माना लगाया गया। तीन लोगों का 81 पुलिस अधिनियम के तहत नकद चालान किया गया। पुलिस टीम में कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी, एसएसआई विनोद जोशी, बाजार चौकी प्रभारी पंकज महर, झनकट चौकी इंचार्ज अशोक कांडपाल, सत्रहमील चौकी प्रभारी ललित बिष्ट, किशोर पंत आदि थे।