काशीपुर। आईटीआई थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अज्ञात लोगों ने पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम काटने का प्रयास किया। चोर एटीएम कक्ष का शटर काटकर अंदर घुसे और मशीन तोड़ने का प्रयास किया लेकिन मशीन न तोड़ पाने के कारण मशीन से नकदी नहीं निकाल पाए। पुलिस ने बैंक शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बाजपुर रोड पर सेट्ठी पेट्रोल पंप के पास पंजाब नेशनल बैंक का मंडलीय कार्यालय है और बैंक के बगल में ही एटीएम हैं। कुछ दिन पूर्व बैंक हल्द्वानी में शिफ्ट होने के कारण कुछ ही स्टाफ बैंक में बैठता है। कुछ दिन में बैंक पूरी तरह से हल्द्वानी शिफ्ट हो जाएगा। बैंक में एटीएम की सुरक्षा के लिए दो सुरक्षा गार्ड रखे गए हैं।
इनमें से एक गार्ड खीम सिंह रावत सुबह छह से दोपहर दो बजे तक और दूसरा गार्ड राजीव कुमार दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक ड्यूटी करता है। रात 10 बजे एटीएम बंद कर गार्ड घर चला जाता है। रविवार सुबह खीम सिंह ड्यूटी पर आया तो शटर के मेन लॉक के साथ ही दो अन्य ताले टूटे थे। चोरों ने शटर का सेंटर लॉक तोड़ने के लिए शटर के नीचे के फर्श को पहले तोड़ा था। खीम सिंह ने बैंक के अधिकारियों को मामले की सूचना दी।
बैंक अधिकारियों ने एटीएम कक्ष के सीसीटीवी कैमरे को जांचा तो रविवार सुबह 3:18 बजे दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर और हाथ में सरिया लेकर कक्ष में पहुंचे थे और एक सरिया से एटीएम मशीन को तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। मशीन न टूटने पर कुछ देर बाद ही दोनों चले गए।
आईटीआई थाना प्रभारी बीडी जोशी ने बताया कि मामले में बैंक शाखा प्रबंधक पीयूष कुमार की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तस्दीक की जा रही है।
एटीएम की सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी
पीएनबी के जिस एटीएम को चोरों ने तोड़ने का प्रयास किया गया है, उस एटीएम के बाहर दो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इनमें से एक कैमरा बैंक का है और दूसरा एटीएम का। थाना प्रभारी बीडी जोशी ने बताया कि बैंक के कैमरे को बैंक बंद होने के बाद बंद कर दिया जाता है और एटीएम का कैमरा खराब पड़ा था।
वहीं, कुछ दिन पूर्व कराए गए सत्यापन में बैंक प्रबंधन ने सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से ठीक होने की बात कही थी। रात 10 बजे बाद सुरक्षा गार्ड भी मौजूद नहीं रहते हैं। जांच के बाद बैंक प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।