रुद्रपुर कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन देते लोग।
रुद्रपुर। शहर के दो वार्डों के बीच शराब की दुकान खुलने की भनक लगने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश पनप गया। उन्होंने वार्ड पार्षदों के साथ कलक्ट्रेट में सांकेतिक प्रदर्शन करने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शराब की दुकान नहीं खोलने की मांग की है।
वार्ड 30 के पार्षद गौरव खुराना और वार्ड 36 के पार्षद जितेश शर्मा की की अगुवाई में लोगों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें कहा कि दोनों वार्डों के बीच से गुजरने वाली सड़क किनारे अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है। दोनों वार्डों का यह प्रमुख मार्ग है। इसके अलावा धार्मिक स्थल और शैक्षणिक संस्थान भी मौजूद हैं। यदि वहां पर शराब की दुकान खुलती है तो दोनों वार्डों पर इसका गलत असर पड़ेगा। उन्होंने शराब की दुकान खोलने पर आंदोलन की चेतावनी दी। डीएम ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहां सुनील सागर, प्रकाश शर्मा, समीर सिंह, नरेश यादव, प्रदीप कुमार, शशि बाला आदि थे।