रुद्रपुर। जिले में बाजपुर, गूलरभोज सहित विभिन्न जगहों पर रात में ड्रोन उड़ने से लोगों में दहशत का माहौल है। एसएसपी ने ड्रोन से किसी प्रकार की चोरी या अन्य घटना को निराधार और अफवाह करार दिया है। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और न ही उसे फैलाने की अपील की है।
दरअसल रात में आसमान में ड्रोन दिखने से लोगों में दहशत है। बाजपुर के बन्नाखेड़ा में संदिग्ध लोग और ड्रोन दिखने की अफवाह से एकत्र हो रहे लोगों में से एक युवक को सड़क पार करते समय कार ने टक्कर मार दी है।
इसमें उसकी मौत हो गई। लगातार उड़ रही अफवाहों से कई गांवों में दहशत का माहौल है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से ऊधमसिंहनगर और आस पास के जनपदों बिजनौर, मुरादाबाद, पीलीभीत में ड्रोन उड़ने और उनके जरिये चोरी की घटनाओं की अफवाहें फैल रही थीं।
इस प्रकार की भ्रामक जानकारी समाज में अनावश्यक भय और अशांति पैदा करती हैं। रात्रि में गांवों में सुरक्षा/चौकीदारी के लिए ग्राीमण ने जिन लोगों को नियुक्त किया गया है। उसकी सूचना संबंधित थाना/चौकी में अवश्य दें।
कहा कि जो व्यक्ति किसी भी उद्देश्य से ड्रोन का उपयोग करना चाहते हैं। वे संबंधित थाने से इसकी विधिवत अनुमति प्राप्त करें। बिना अनुमति के ड्रोन का प्रयोग करने पर उसे जब्त करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई और अधिकतम जुर्माना लगाया जाएगा।