रुद्रपुर। केंद्र सरकार की ओर से लाए जाने वाले अधिवक्ता संशोधन अधिनियम बिल 2025 का विरोध शुरू हो गया है। जिला बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने सांकेतिक हड़ताल का ऐलान कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने संशोधन बिल को वापस लेने की मांग की।
बिल के विरोध में अधिवक्ता बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। बुधवार को जिला न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में एकत्र अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि इस बिल के पारित होने के बाद किसी बड़े अपराधी या प्रभावशाली व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा लेने में भी अधिवक्ता संकोच करेंगे। यह स्वतंत्र वकालत पर गंभीर प्रभाव डालने वाला साबित होगा। इस बिल के विरोध में देशव्यापी आंदोलन चलाने की आवश्यकता जताई गई।
बार काउंसिल उत्तराखंड और बार काउंसिल आफ इंडिया की ओर से विरोध में बरती जा रही उदासीनता पर भी नाराजगी जताई गई। बार अध्यक्ष दिवाकर पांडेय ने बताया कि बिल के विरोध में उधमसिंह नगर की सभी बार एसोसिएशन को साथ लेकर बृहस्पतिवार को जिले भर में हड़ताल रहेगी। वहां पर बार सचिव सर्वेश कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र चौधरी, नरेश छाबड़ा, गुरबाज सिंह, नरेश रस्तोगी, पीयूष पंत, उमा गक्खर, शिवकुंवर सिंह, गुरवीर सिंह आदि मौजूद रहे।