बाजपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने चीनी मिल कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। कर्मचारियों ने चार माह से वेतन नहीं मिलने सहित अन्य समस्याओं से संबंधित ज्ञापन नेता प्रतिपक्ष को सौंपा। आर्य ने श्री बाली जी मंदिर बांकेनगर और बाबा अमीर शाह मजार के लिए पांच-पांच लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की।
आर्य सोमवार को चीनी मिल के अतिथि गृह में पहुंचे। आर्य के सामने चीनी मिल कर्मचारियों ने मिल प्रबंधन पर मनमानी के तहत वेतन में कटौती करने का आरोप लगाया। आर्य ने गन्ना सचिव रणवीर सिंह और श्रम सचिव डॉ. पंकज पांडेय से वार्ता कर श्रमिक हित में समस्या का जल्द ही समाधान करने के लिए कहा।
आर्य ने कहा कि श्रमिकों के हितों के लिए वह कर्मचारियों के साथ आंदोलन पर बैठने के लिए भी तैयार हैं। चार माह से वेतन नहीं मिलना कर्मचारियों की जटिल समस्या है।
वेतन में कटौती करने का विभाग के पास कोई भी लिखित आदेश नहीं है। वह श्रमिकों के साथ खड़े रहेंगे। आर्य ने चीनी मिल महाप्रबंधक जीएस बिष्ट को बुलाकर समस्याएं अपने स्तर से हल करने के लिए कहा। वहां चेयरमैन गुरजीत सिंह गित्ते, हरमिंदर सिंह लाडी, वासवानंद जोशी, कुलवंत सिंह, योगेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, सुरेंद्र यादव, विशेष शर्मा, हरेंद्र, हरीराम आदि श्रमिक मौजूद रहे। इधर अतिथि गृह में आर्य ने समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने रेंहटा, तोता बेरिया में सड़क, नाली निर्माण आदि की समस्याएं रखीं। संवाद