काशीपुर। स्कूलों में प्रवेश लेते समय अब छात्र-छात्राओं को प्रवेश परीक्षा और अभिभावकों को साक्षात्कार देने से निजात मिल गई है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मुख्य शिक्षाधिकारी केएस रावत व जिला शिक्षाधिकारी बेसिक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जनपद के उप शिक्षाधिकारियों को पत्र जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 एवं उत्तराखंड निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार नियमावली 2011 के नियम 14 के उप नियम एक व दो में प्रावधान है कि स्कूलों में छात्र के प्रविष्ट करते समय या छात्र उस विद्यालय में ठहराव की अवधि में कैपिटेशन शुल्क एकत्रित नहीं करेगा।
इसलिए कोई भी विद्यालय छात्र को किसी भी कक्षा में प्रवेश देते समय लिखित, मौखिक परीक्षा अथवा अभिभावक के साक्षात्कार नहीं लेंगे। संज्ञान में आया है कि राज्य में संचालित निजी स्कूलों की ओर से छात्रों के प्रवेश नामांकन से पूर्व लिखित अथवा मौखिक और माता-पिता का साक्षात्कार संबंधी प्रक्रियाएं अपनाई जाती हैं। यह शिक्षा का अधिकार अधिनियम में प्रावधानित नियमों का प्रत्यक्ष रुप से उल्लंघन है।
स्कूलों में प्रवेश परीक्षा निषिद्ध रहने संबंधी पत्र प्राप्त हुआ है। नए सत्र से यह प्रक्रिया शुरू होगी। इस संबंध में ब्लॉक के समस्त स्कूलों को पत्र जारी किया गया है। नियमों का पालन नहीं करने वालों पर विभागीय दंडात्मक कार्रवाई हो सकती है। ब्लॉक में शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त, निजी करीब 391 स्कूल संचालित होते हैं। इनमें करीब 25 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। -धीरेंद्र कुमार साहू, प्रभारी खंड शिक्षाधिकारी, काशीपुर