बाजपुर के गांव कनौरी में जल जीवन मिशन से बना ओवर हैड टैंक। संवाद
बाजपुर। केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। गांव कनौरी में पेयजल आपूर्ति नहीं होने से गुस्साए ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा की गैरमौजूदगी में पेशकार संजीव कुमार को मांगपत्र सौंपा। ग्रामीणों ने जल्द ही जलापूर्ति सुचारू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को समाजसेवी जगवीर सिंह संधू उर्फ जग्गा की अगुवाई में ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे। बताया कि कनौरी में जल जीवन मिशन योजना के तहत एक साल पहले पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। एक साल बीतने के बाद भी घरों में लगी टोंटी सूखी पड़ी है। ग्रामीणों ने पेयजल अधिकारियों से कई बार शिकायत की है लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने डीएम से गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है। वहां अब्दूल अंसारी, नादिर अंसारी, गोपाल, नाजिम शेख, फिरासत, अशोक, इमरान आदि मौजूद रहे। संवाद