पैथोलॉजी लैब संचालक और टेक्नीशियन पर केस दर्ज
फॉलोअप
बगैर पंजीकरण लैब में अल्ट्रासाउंड मशीन रखने का मामला
जसपुर। बगैर पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड मशीन रखकर भ्रूण के लिंग की जांच करना पैथोलाॅजी लैब संचालक और टेक्नीशियन को महंगा पड़ गया।पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मशीन और उसके उपकरणों को कब्जे में लेकर पुलिस जांच कर रही है। संयुक्त टीम बुधवार को लैब सील कर चुकी है। मामले में यह सामने आया कि तकनीशियन यूपी से पोर्टेबल मशीन लाकर यहां पर भ्रूण का लिंग परीक्षण करता था।
सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डाॅ. धीरेंद्र मोहन गहलोत ने बताया कि बुधवार को खुशी पैथोलॉजी लैब एंड एक्स-रे की संदेह होने पर छानबीन की गई। लैब संचालक कोमल सिंह से पंजीकरण के पेपर दिखाने के लिए कहा इतने में एक कक्ष से दो अज्ञात व्यक्ति निकल कर भाग गए। कक्ष के अंदर एक अल्ट्रासाउंड मशीन भी मिली। लैब संचालक ने बताया कि यह पोर्टेबल मशीन है। तकनीशियन राजेश कुमार निवासी ग्राम दुल्हेपुर, थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद यूपी इसे लेकर यहां आता है और भ्रूण का लिंग परीक्षण करता है। एसडीएम के निर्देश पर लैब एवं मशीन को बुधवार के दिन ही सील कर दिया था। कोतवाल जगदीश सिंह ठकरियाल ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन आदि को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। लैब संचालक एवं टेक्नीशियन के खिलाफ संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।