कोरोना संक्रमण के कारण जिले के एकमात्र पासपोर्ट सेवा केंद्र में ताला लटक गया है। नौकरी की तलाश में दुबई समेत अन्य देशों में जाने वाले 160 लोगों का पासपोर्ट न बनने के कारण सपना टूट गया है। अग्रिम आदेशों तक डाकघर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बंद कर दिया गया है।
सोमवार को सितारगंज निवासी इरफान और इशान दुबई जाने के लिए रुद्रपुर मुख्य डाकघर स्थित पासपोर्ट केंद्र में साक्षात्कार देने के लिए पहुंचे लेकिन उन्हें कार्यालय में ताला लटका हुआ मिला। इससे उन्हें बढ़ी निराशा हुई है। उन्होंने बताया कि सोमवार के दिन उन्हें अप्व इंटमेंट के लिए तिथि मिली हुई थी लेकिन कार्यालय बंद है। इसको लेकर उनके पास कोई भी एसएमएस नहीं आया था। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट बनने के बाद वह नौकरी की तलाश में दुबई चले जाएंगे। जानकारी के मुताबिक पिछले चार दिनों से पासपोर्ट केंद्र को बंद कर दिया गया है।
ऐसे में जिन आवेदकों को अप्वाइंटमेंट की तिथि मिली थी, वे कार्यालय के चक्कर काटने में लगे थे। पिछले चार दिनों में 160 लोगों को अप्वाइंटमेंट दिए गए थे। इन्होंने दुबई, कनाडा, अमेरिका समेत अन्य देशों में जाने के लिए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। पोस्टमास्टर यतेंद्र कुमार बमेठा ने बताया कि देहरादून पासपोर्ट कार्यालय से मिले निर्देश के बाद चार दिन पहले पासपोर्ट कार्यालय को बंद कर दिया है।