काशीपुर। चैती मेला परिसर स्थित एक कार पार्किंग के पास एक साथ तीन अजगर दिखाई देने से मेले में आए लोगों में अफरातफरी मच गई। जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचती, दो अजगर अंधेरे में गुम हो गए जबकि एक को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।
बीते बृहस्पतिवार की रात को चैती मेला परिसर में बुक्सा समाज के भवन के निकट बनी कार पार्किंग में किसी व्यक्ति ने एक साथ तीन अजगर देखे। इसकी जानकारी उसने पार्किंग पर मौजूद लोगों को दी। तब किसी व्यक्ति ने मामले की सूचना वन विभाग की ओर से सांपों को रेस्क्यू करने वाले नगर निवासी अब्दुल वाहिद को दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर लगभग सात फीट लंबे अजगर को बमुश्किल रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया पकड़े गए अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।