सितारगंज। संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार को महिला की हुई मौत के मामले में पुलिस ने पड़ोसी युवक के विरुद्ध ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव सिसौना निवासी सुविता ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन आरती राणा (26) तलाकशुदा थी। वह अपनी चार साल की बेटी के साथ मायके (सिसौना) में ही रहती थी। उन्होंने बताया कि आरती का पड़ोसी आकाश राणा के घर आना-जाना था। पिछले एक सप्ताह से आरती मानसिक रूप से परेशान थी। पूछने पर उसने बताया कि आकाश उसे परेशान करता है। उसके साथ मारपीट भी करता है।
आठ अप्रैल की आधी रात को आकाश ने फोन कर बताया कि आरती की सांस नहीं चल रही है। जब परिजन आकाश के घर पहुंचे तो आरती बेड के पास नीचे जमीन पर पड़ी मिली। परिजनों ने रात को ही उसे उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आकाश ने परिजनों को बताया था कि आरती ने फांसी लगाई थी। सुविता का आरोप है कि आकाश की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बहन ने आत्महत्या की है। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि आकाश के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।