काशीपुर। काशीपुर की सभी सहकारी समितियों के कर्मचारियों ने छह सूत्रीय मांगों के निदान की मांग तेज कर दी है। कर्मचारियों ने शुक्रवार को एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। पांच अक्तूबर तक समाधान नहीं होने पर देहरादून में अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी।
कर्मचारियों ने कहना है कि वह कैडर फंड, ग्रेड वेतन, नियोक्ता अंशदान, वेतन विसंगति आदि मांगों के लिए अधिकारियों से लेकर शासन तक गुहार लगा रहे हैं। बावजूद इसके उनकी समस्याओं को सुना नहीं जा रहा है। कर्मचारियों ने सरकार की ओर से समान कार्य-व्यवसाय वाली नवगठित एम-पैक्स का पंजीकरण निरस्त करने, नई पैक्स का गठन भौगोलिक दूरी के आधार पर करने की मांग की है। पैक्स की ओर से वितरित करोड़ों के ऋण की सुरक्षा के लिए स्पष्ट नीति बनाने, पैक्स सचिवों और कर्मचारियों को नियमित सहकारिता ढांचे में शामिल करने आदि की भी मांग उठाई है। कर्मचारी स्वास्थ्य और गोल्डन कार्ड योजना से जोड़ने पूर्व में भेजे गए मांग पत्रों पर तत्काल शासनादेश जारी करने, शत-प्रतिशत पदोन्नति कैडर सचिव के पद पर करने की भी मांग की जा रही है। वहां सर्वेश कुमार, अमित कुमार, ब्रजवाला, इदरीश, सचिन, मनोज आदि रहे।
छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सीएम को भेजा
बाजपुर। समान कार्य.व्यवसाय वाली नवगठित पंजीकरण निरस्त करने सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर सहकारिता कर्मचारियों ने एसडीएम कार्यालय सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने पांच अक्तूबर से अनिश्चित कालीन धरना-हड़ताल की चेतावनी दी है। शनिवार को सहकारिता कर्मचारी एकत्र होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसडीएम की गैरमौजूदगी में कार्यालय में छह सूत्री मांगों का सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। वहां संजय चौहान, कुंदन सिंह, बृज किशोर यादव, हिमांशु बिष्ट, संगीता सिंह, पूरन पांडे, राम सिंह यादव, हरपाल सिंह, तौफीक अहमद आदि थे।