रुपये वापस मांगने पर पीड़ित को धमकाया, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
रुद्रपुर। 46वीं वाहिनी पीएसी के वाहन चालक को सब्सिडी पर लोन दिलाने के नाम पर 3.75 लाख की धोखाधड़ी की गई। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उनसे गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वार्ड नंबर 25 प्रीत विहार निवासी गरीब दास ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि वे पीएसी 46बटालियन चालक के पद पर कार्यरत हैं। वे जून 2024 में अपने पुत्र कृपा शंकर का जाति प्रमाण पत्र बनवाने रुद्रपुर तहसील गए थे। यहां पर मोहम्मद सलीम खान निवासी गांधी कॉलोनी मिला। उसने तहसील में पहचान होने की वजह से जल्दी काम कराने की बात कही थी। उन्होंने सलीम को 2100 रुपये दिए और अगले दिन सलीम ने बेटे का जाति प्रमाण पत्र उनको घर आकर दे दिया।
सलीम ने उनको पत्नी विमला देवी के नाम पर दुकान के लिए सब्सिडी वाला लोन पीएनबी से दिलवाने की बात कही थी। आर्थिक स्थिति खराब होने की वजह वे लोन लेने के लिए सहमत हो गए थे। लोन के लिए सलीम ने मार्जन मनी जमा करने की बात कही थी। उन्होंने चार जून 2024 से 19 नवंबर 2024 तक तीन 3,75,402 रुपये सलीम को दिए थे। इसके बाद सलीम ने उनके घर आकर बैंक में सिक्योरिटी के लिए तीन ब्लैंक चेक उनकी पत्नी से लिए।
19 दिसंबर 2024 को सलीम तीन लोगों के साथ उनके घर पर आया। सलीम ने उनको बैंक कर्मचारी बताया और लोन सत्यापन करने आने की बात कही। इन लोगाें में से एक व्यक्ति ने बाद में उनको कोई लोन स्वीकृत नहीं होने और सलीम के फर्जी होने की बात बताई। इस पर वे पंजाब नेशनल बैंक में मैनेजर से मिले। प्रबंधक ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम से न तो लोन स्वीकृत हुआ है और न मार्जिन मनी जमा की गई है। उन्होंने सलीम से पूछा तो वह टालमटोल करने लगा।
गरीब दास ने का आरोप है कि 19 दिसंबर की शाम मोहम्मद सलीम खान उनके घर पर आया। उन्हाेंने लोन नहीं होने पर रुपये वापस मांगे तो सलीम ने उनको नौकरी से हटवाने और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। वहां मौजूद रमेश ठाकुर व सूरज सिंह ने मोहम्मद सलीम को समझाने का प्रयास किया तो वह उन्हें भी गालीगलौच कर मौके से चला गया।