रुद्रपुर। बाजपुर के निजी निजी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती न होने और मानकों के अनुसार सफाई व्यवस्था दुरुस्त न पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने ऑपरेशन थियेटर (ओटी) और प्रसव कक्ष सील कर दिया। अव्यवस्था पर आठ अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया है।
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि कार्यालय में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बाजपुर के ग्रीन सिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान ओटी के साथ ही प्रसव कक्ष में गंदगी मिली। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक भी तैनात नहीं मिले। अस्पताल की ओटी और प्रसव कक्ष को सील कर दिया गया। कहा कि गंदगी से इंफेक्शन फैलने का खतरा रहता है। अस्पताल प्रबंधन को कमियां दूर करने को कहा गया है। कमियां दूर होने के बाद ही अस्पताल की ओटी और प्रसव कक्ष के संचालन की अनुमति दी जाएगी।
बताया कि निरीक्षण के दौरान बाजपुर के आठ अस्पतालों में बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं मिली। कई में अप्रशिक्षित स्टाफ तैनात था। सीसीटीवी नहीं लगे थे। अग्निशमन यंत्रों को रिफिल नहीं किया गया था। सभी अस्पतालों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालेगा महकमा
रुद्रपुर। निजी अस्पतालों पर पैनी नजर रखने के लिए स्वास्थ्य महकमा निजी अस्पतालों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालेगा। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि सीसीटीवी से अस्पताल की व्यवस्थाओं का पता चलेगा। निजी अस्पतालों में डॉक्टर आ रहे हैं या नहीं इसका भी सीसीटीवी फुटेज से पता चल जाएगा। अस्पताल की अन्य गतिविधियों की पड़ताल करने में भी इससे आसानी होगी। सीसीटीवी न लगाने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई की जाएगी।