मेयर रामपाल सिंह ने मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों के इलाज के संबंध में पूरी जानकारी ली। उन्होंने निगम कर्मचारियों को मेडिकल कॉलेज में साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग को मिलकर आपसी सामंजस्य के साथ लड़ना होगा। कोरोना मरीजों और उनके परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। निगम स्तर से जो भी सुविधाएं दी जा सकती हैं, उसके लिए वह पूरी तरह तत्पर हैं।
प्रदेश सरकार भी हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है लेकिन लोगों को खुद भी कोरोना के प्रति सजग होना होगा। सर्दी, जुकाम, खांसी या बुखार से पीड़ित व्यक्ति किसी भी हालत में घर से बाहर न निकलें। घर पर भी सामाजिक दूरी का पालन करें। वहां प्रशिक्षु आईएएस जयकिशन, नगर आयुक्त रिंकू बिष्ट, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, डॉ. आरके सिन्हा, डॉ. एमके तिवारी आदि थे। (संवाद)
कोविड अस्पताल में लगाए चार आरओ
रुद्रपुर। मेडिकल कॉलेज में बने कोविड अस्पताल में डॉक्टर, स्टाफ और मरीजों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए चार आरओ लगाए गए हैं। कोविड अस्पताल प्रबंधन के नोडल बंशीधर तिवारी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को इलाज के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्टाफ की नियुक्ति की जा रही है। अस्पताल में मरीजों के साथ ही उनके इलाज में लगे डॉक्टरों, स्टाफ को शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए चार आरओ लगाए गए हैं। (संवाद)