रुद्रपुर। जिले के सभी सर्किल और थानों में संदिग्धों को चिह्नित करने के लिए वृहद स्तर पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। रात्रि में पुलिस बाहर घूम रहे लोगों का सत्यापन कर रही है। इसे पुलिस की तरफ से ऑपरेशन क्लीन स्वीप नाम दिया गया है। इसमें मकान स्वामियों और फैक्टरी स्वामियों को नए सत्यापन प्रारूप के संबंध में भी बताया जा रहा है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा की ओर से आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वस्तु की चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत सभी सर्किल और थाना क्षेत्रों में रात्रि में वृहद स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार की रात महत्वपूर्ण चौक-चौराहों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, होटलों, धार्मिक स्थलों आदि पर पैनी नजर रखी गई। अलसुबह चार बजे से ऑपरेशन क्लीन स्वीप भी चलाया जा रहा है जिसमें धार्मिक स्थलों और महत्वपूर्ण स्थानों को चेक किया जा रहा है। सत्यापन अभियान के तहत पुलिस मकान स्वामियों से उनके किरायेदारों का सत्यापन करवा रही है तो वहीं फैक्टरी स्वामियों को भी नए सत्यापन प्रारूप के संबंध में बताया जा रहा है।
सात किरायेदारों और तीन मकान मालिकों का चालान
गदरपुर। एसआई बसंत कुमार ने पुलिस टीम के साथ करतारपुर रोड वार्ड नंबर एक में सत्यापन अभियान शुरू किया। टीम ने करीब 110 लोगों का सत्यापन करते हुए अभिलेखों की जांच पड़ताल की। टीम ने अभिलेख न मिलने पर सात किरायेदारों का 81 पुलिस एक्ट और तीन मकान मालिकों का 83 पुलिस एक्ट में चालान किया। इस दौरान एएसआई चंदन प्रकाश, सिपाही रविंद्र सिंह, पार्वती गोस्वामी, दीपक शर्मा आदि रहे। संवाद