भाजपा जिलाध्यक्ष के शॉपिंग कांप्लेक्स के सिक्योरिटी गार्ड और मेयर के गनर के बीच हुआ विवाद थम नहीं रहा है। भाजपाइयों ने सिक्योरिटी गार्ड को पकड़कर थाने लाने वाले कटोराताल चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग को लेकर उनका घेराव किया। एएसपी ने जांच कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
बुधवार को दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने एएसपी कमलेश उपाध्याय का उनके कार्यालय में घेराव किया। जिलाध्यक्ष राम मेहरोत्रा ने सीसीटीवी फुटेज दिखाकर कहा कि मंगलवार को वाहन खड़ा करने को लेकर मेयर उषा चौधरी के गनर ने माल के सिक्योरिटी गार्ड के साथ हाथापाई की, जिसके बाद कटोराताल चौकी प्रभारी प्रहलाद सिंह बिष्ट उनके ही सामने सिक्योरिटी गार्ड धकेलते हुए थाना ले गए।
मेयर के गनर की ओर से रिपोर्ट दर्ज हुई तो उनके सिक्योरिटी गार्ड की तरफ से दी गई तहरीर पर भी रिपोर्ट दर्ज की जाए। कार्यकर्ताओं ने चौकी इंचार्ज पर अभद्रता का आरोप लगाया और उन्हें चौकी से हटाने की मांग की। एएसपी ने कहा कि प्रहलाद जब टांडा उज्जैन चौकी में तैनात थे, तो उनकी कोई शिकायत नहीं मिली थी। लोगों ने उनके कार्यकाल की सराहना ही की थी।
कटोराताल चौकी क्षेत्र से भी अभी तक किसी ने प्रहलाद पर बदसलूकी करने का आरोप नहीं लगाया है, लेकिन वह उनकी शिकायत की जांच कर कार्रवाई करेंगी। इस मौके पर पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, भाजपा किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र सैनी, राजू सेठी, डॉ. गिरीश तिवारी, अमित मनचंदा आदि थे।
इंचार्ज को हटाया तो करेंगे आंदोलन
प्रांतीय उद्योग प्रतिनिधि मंडल कटोराताल चौकी प्रभारी प्रहलाद बिष्ट के समर्थन में खड़ा हो गया है। नगर अध्यक्ष अध्यक्ष दीपक वर्मा ने एएसपी कमलेश उपाध्याय को ज्ञापन सौंपकर कहा कि प्रहलाद मेयर उषा चौधरी के गनर की शिकायत पर एक मॉल के सिक्योरिटी गार्ड को थाने में लेकर आए थे।
गनर ने गार्ड पर अभद्रता करने की शिकायत की थी। प्रहलाद ने अपनी ड्यूटी की है। अगर पुलिस ने राजनैतिक दबाव में उनको कटोराताल चौकी से हटाया तो आंदोलन किया जाएगा।