काशीपुर। बाजपुर रोड पर परमानंदपुर मोड़ के पास वेल्डिंग करते समय एक टैंकर में तेज विस्फोट हो गया। इससे टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम परमानंदपुर निवासी कादिर पुत्र मुर्तजा की बाजपुर रोड पर वेल्डिंग की दुकान है। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे केमिकल उतारने के बाद चालक टैंकर में वेल्डिंग का काम कराने के लिए कादिर की दुकान में पहुंचा। कादिर ने जैसे ही वेल्डिंग करनी शुरू की, इसी दौरान टैंकर में जबरदस्त विस्फोट के साथ टैंकर फट गया। तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
इस हादसे में पास ही रहने वाले मोहम्मद यामीन के मकान में दरारें भी आ गईं और सड़क पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल कादिर को इलाज के लिए एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया। पैट्रोल पंप मैनेजर प्रमोद पांडेय ने बताया कि टैंकर में गैस होने की वजह से हादसा हुआ है। मैनेजर का कहना है कि कादिर काफी समय से पैट्रोल पंप के पास वेल्डिंग का कार्य कर रहा है।
हादसे की संभावना के मद्देनजर उसे कई बार वहां से दुुकान हटाने को कहा जा चुका है लेकिन उसने इसे कभी गंभीरता से नहीं लिया। टैंकर में गैस कम होने से विस्फोट अपेक्षाकृत कम आवाज से हुआ जिससे बड़ा हादसा बच गया। गैस की मात्रा अधिक होने पर पेट्रोल पंप और आसपास के कई घर व प्रतिष्ठान भी चपेट में आ सकते थे।
काशीपुर में विस्फोट के कारण तेज धमाके के साथ फटा टैंकर।- फोटो : KASHIPUR