सितारगंज में न्याय यात्रा लेकर पैदल पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा व ओंकार सिंह ढिल्लो।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। पुलिस कर्मियों को 4600 का ग्रेड पे देने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा और ओंकार सिंह ढिल्लो न्याय यात्रा के साथ रुद्रपुर से चलकर सितारगंज होते हुए नानकमत्ता पहुंचे। गाबा ने बताया कि शनिवार को खटीमा में सीएम पुष्कर सिंह धामी के आवास पर उन्हीं के समर्थन पत्र की छाया प्रति देकर यात्रा का समापन किया जाएगा।
4600 ग्रेड पे देने की मांग को लेकर पुलिस कर्मियों के परिवार व विभिन्न संगठन मुखर हो गए हैं। इस मांग का समर्थन करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा और ओंकार सिंह ढिल्लो रुद्रपुर से खटीमा तक हाथ में तिरंगा लेकर पैदल न्याय यात्रा पर निकले हैं। दोपहर करीब 12 बजे उनकी न्याय यात्रा सितारगंज पहुंची और यहां से नानकमत्ता के लिए रवाना हो गई। उन्होंने न्याय यात्रा का उद्देश्य बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में 20 साल की नौकरी पूरी कर चुके सिपाहियों को अभी भी 2800 ग्रेड पे दिया जा रहा है। जबकि सिपाही से ऊपर के सभी पदों पर 46 सौ ग्रेड पे लागू हो चुका है। गाबा ने बताया कि पुष्कर सिंह धामी ने विधायक के तौर पर मांग को जायज बताते हुए तत्कालीन सीएम को पत्र लिखा था लेकिन अभी तक उस पर अमल नहीं हुआ।