काशीपुर। मौसम के बदलाव का असर सरकारी अस्पताल की ओपीडी पर दिखाई देने लगा है। पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में मरीजों की संख्या करीब 50 फीसदी तक घट गई है। वर्तमान में अस्पताल के वार्ड खाली पड़े हैं। विशेषज्ञ इस महीने को हेल्दी सीजन मानकर मरीजों के कम होने की बात कह रहे हैं।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में काशीपुर, जसपुर, बाजपुर, रामनगर, पर्वतीय क्षेत्र और यूपी से भारी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इस महीने से मौसम बदल गया है। सुबह-शाम ठंडा और दोपहर में हल्का गर्म महसूस हो रहा है। लोगों ने भी गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं।
अब केवल जुकाम, बुखार, खांसी के मरीज ही ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इनमें से इक्का-दुक्का मरीज ही भर्ती हो रहा है। वार्डों में अधिकांश बेड खाली पड़े हुए हैं। अब संख्या घटकर 350 से 400 तक रह गई है, जबकि अस्पताल में रोजाना 750-800 तक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे थे।
फिजिशियन डॉ. कीर्ति मेहता, चिकित्साधिकारी डॉ. वरुण भारद्वाज ने बताया कि इस मौसम को हल्दी सीजन माना जाता है। इस समय न तो बहुत अधिक गर्मी होती है और न ही बहुत अधिक सर्दी। इससे मौसमी बीमारियां कम फैलती हैं। इसके चलते अस्पताल में मरीजों की भीड़ कम हुई है।
कोट -
हेल्दी सीजन शुरू हो गया है। इस समय व्यक्ति कम बीमार होते हैं। अस्पताल में ओपीडी कम हो गई है। अब केवल सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज ही आ रहे हैं। - डॉ. चंद्रा पंत, सीएमएस, काशीपुर