विधायक समर्थकों ने चुनाव आयोग की परमीशन के बिना जुलूस निकाला तो पुलिस ने जुलूस को रुकवा दिया। पुलिस ने छह लोगों को नामजद करते हुए तीस अन्य के खिलाफ रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी है। चुनाव अधिकारी नरेश चंद दुर्गापाल ने बताया कि सभी आरोपियों समेत विधायक को नोटिस भेज दिया गया है।
सोमवार सुबह विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों ने महाराणा प्रताप चौक से जुलूस निकालना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाल प्रमोद कुमार शाह मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे और जुलूस निकाल रहे लोगों से चुनाव आयोग की अनुमति मांगी।
कोतवाल ने बताया कि जुलूस निकाल रहे लोग किसी तरह की अनुमति नहीं दिखा सके तो उन्हें वहां से भगाया गया। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति जुलूस निकालने के मामले में भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विपिन जल्होत्रा, हरपाल सिंह कक्कड़, अक्षय अरोरा, श्रीकांत राठौर, राजेश तिवारी व फरजाना बेगम के खिलाफ मामला जीडी में दर्ज कर रिपोर्ट चुनाव अधिकारी को भेज दी गई है।
इधर देर शाम चुनाव अधिकारी नरेश चंद दुर्गापाल ने बताया कि कोतवाली से छह नामजद व तीस अज्ञात द्वारा बिना अनुमति के जुलूस निकालने की रिपोर्ट कार्यालय को मिल गई है। बताया कि इन छह लोगों समेत भाजपा के विधायक राजेश शुक्ला को भी नोटिस जारी किया गया है।