बाजपुर। जिला स्तरीय दो दिनी पेंचक सिलाट प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बालक वर्ग में रुद्रपुर के निखिल भारती और बालिका वर्ग में प्रियंका ने जीता। प्रतियोगिता का समापन सोमवार को होगा।
रविवार को ज्ञानदीप ग्लोबल स्कूल में प्रतियोगिता का पहला मुकाबला रुद्रपुर निवासी निखिल भारती और गदरपुर निवासी ईशु के बीच हुआ। इसमें निखिल भारती विजयी रहे। दूसरा मुकाबला बाजपुर निवासी विनय गुप्ता और किच्छा निवासी अमन रावत के बीच हुआ जिसमें विनय गुप्ता विजयी रहे। जबकि बालिका वर्ग में काशीपुर निवासी तनवी और रुद्रपुर निवासी प्रियंका के बीच मुकाबला हुआ जिसमें प्रियंका विजयी रही।
इससे पूर्व शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते, स्कूल प्रबंध कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह काहलो, पेंचक सिलाट एसोसिएशन के प्रदेश सचिव बब्लू दिवाकर, जिलाध्यक्ष मनोज राजहंस ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सिलाट कराटे आत्मरक्षा के लिए आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष राजहंस ने बताया कि प्रतियोगिता में बाजपुर, काशीपुर, गदरपुर, जसपुर, रुद्रपुर, किच्छा के 105 बच्चों ने प्रतिभाग किया है। एसोसिएशन के प्रदेश सचिव बबलू दिवाकर ने बताया कि चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
वहां राजिंदर कौर काहलो, मनित कुमार, प्रीति ठाकुर, दीपक काहलो, मुकेश यादव, मुकेश सैनी, मनदीप कौर, प्रवीण मौर्य, तनु शर्मा, मीनाक्षी, उत्कृष्ट सिंह, जोनी राजहंस आदि थे। (संवाद)