रुद्रपुर/काशीपुर। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के लिए जिले में बनाए गए छह केंद्रों पर रविवार को परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कड़ी सुरक्षा और तकनीकी निगरानी के बीच 2842 अभ्यर्थियों ने अपना भाग्य आजमाया जबकि 86 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के नोडल अधिकारी और एडीएम प्रशासन पंकज उपाध्याय ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 2928 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2842 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 86 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ दी। उन्होंने बताया कि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय नया भवन पंतनगर, प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पुराना भवन पंतनगर, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय काशीपुर, आईआईएम काशीपुर, पीएमश्री अटल उत्कृष्ट एएनझा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर और पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय रुद्रपुर परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
नोडल अधिकारी के अनुसार सभी केंद्रों पर परीक्षा के दौरान व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।
तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि आईआईएम काशीपुर में पंजीकृत 480 में से 469 उपस्थित रहे जबकि 11 अनुपस्थित रहे। केंद्रीय विद्यालय में 528 में से 515 उपस्थित रहे जबकि 13 अनुपस्थित रहे। दोनों केंद्रों का निरीक्षण किया गया। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
जैमर और ई-गैजेट्स पर पाबंदी
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर विशेष प्रबंध किए गए थे। सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे ताकि किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक संचार न हो सके। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लू टूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच और किसी भी तरह के डिजिटल गैजेट के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं थी।