पट्टे की भूमि के निर्णय से नाखुश एक पक्ष के लोगों ने थाने से लौट रहे नायब तहसीलदार पर हमला कर दिया। इस बीच उधर से गुजर रहे विधायक अरविंद पांडेय ने नायब तहसीलदार का बीच बचाव किया। इधर, नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की जानकारी होने पर तहसील कर्मियों में रोष फैल गया। उन्होंने कामकाज ठप कर थाने में डेरा जमा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और सीओ बाजपुर के अलावा आसपास के थाना क्षेत्रों से भारी पुलिस फोर्स थाने पहुंच गई।
चकरपुर निवासी प्रेमराज कोचर और अशोक कुमार का अपने भाई प्रकाश बाबू से पट्टे की भूमि को बेचे जाने को लेकर विवाद चल रहा है। प्रेमराज ने तहसील में भूमि को बेचे जाने से रोकने के लिए आपत्ति लगाई हुई थी। सुनवाई के दौरान नायब तहसीलदार शेर सिंह ने आपत्ति को खारिज कर दिया इस पर प्रेमराज पक्ष के लोग अपना पक्ष रखने के लिए तहसील पहुंचे। जहां उन्हें पता चला कि नायब तहसीलदार थाने गए हुए हैं। दिनेशपुर मोड़ पर उन्हें नायब तहसीलदार आते हुए दिखे। इस पर उन्होंने उनसे अपने हिस्से की पट्टे की भूमि को नाजायज तरीके से बेचने के निर्णय पर बात करने का प्रयास किया। प्रेमराज के पुत्र दीपक कोचर का आरोप है कि नायब तहसीलदार ने आगबबूला होकर गाली गलौच की और उनके साथ मौजूद परिवार की महिला सदस्यों के साथ बदतमीजी से पेश आए, उनकी एक बहन को थप्पड़ मार दिया। इस पर उन लोगों ने नायब तहसीलदार को पकड़कर पीट दिया। इस बीच उधर से गुजर रहे विधायक अरविंद पांडेय ने मामले को जानने के बाद नायब तहसीलदार को उन लोगों के चंगुल से बचाया। मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस द्वारा उन्हें थाने लाया गया। इधर, नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की जानकारी पर तहसील कर्मियों ने तहसील में कामकाज ठप्प कर थाने में डेरा डाल दिया। वहीं, हेमराज पक्ष के लोगों ने भी थाने पहुंचकर नायब तहसीलदार पर गाली गलौच करने के अलावा अश्लीलता का आरोप लगाया और तहरीर देकर कानूनी कार्यवाही की मांग की गई। मामले की गंभीरता के चलते कार्यवाहक थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने उच्चाधिकारियों ने मामले की जानकारी दी। इसके बाद एडीएम आशीष भटगई, एसडीएम तीरथपाल सिंह एवं सीओ बाजपुर राजीव मोहन के अलावा आसपास के थाना क्षेत्रों से भारी पुलिस फोर्स थाने पहुंच गई।