साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) कार्यक्रम के नाम से 12 लाख रुपये ठगने का प्रयास किया। जिस मोबाइल नंबर से फोन किया गया वह 12 डिजिट का है।
सोमवार को मोहल्ला कटोराताल निवासी इफ्तियार हुसैन ने बताया कि उसके मोबाइल पर 923030679432 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह केबीसी से राठौर बोल रहा है। आपके एयरटेल मोबाइल नंबर को 25 लाख के इनाम के लिए चुना गया है। इस रकम को प्राप्त करने के लिए आज ही पीएनबी (दिल्ली) के मैनेजर के मोबाइल नंबर 923475353035 पर संपर्क करें। इफ्तियार हुसैन ने बताया कि उन्होंने बताए गए नंबर पर फोन किया तो रिसीव करने वाले नेे खुद को पीएनबी दिल्ली का मैनेजर बताकर कहा कि दो बजे से पहले अपने घर के पास के किसी भी बैंक में जाकर बताए गए खाते में 12 लाख रुपये जमा करने होंगे। तभी आप के खाते में 25 लाख रुपये जमा होंगे। हुसैन ने बताया कि इससे उसे एहसास हो गया कि यह अंतरराष्ट्रीय साइबर ठग गिरोह का सदस्य है, जो उससे 12 लाख ठगने का प्रयास कर रहा है। बताया गया नंबर भी अंतरराष्ट्रीय है।