कशीपुर में बरखेड़ापांडे में लोगो को संबोधित करते काबीना मंत्री यशपाल आर्य।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। परिवहन एवं समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने नगर पंचायत महुआखेड़ा गंज और ग्रामसभा बरखेड़ा पांडे में जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने 17 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की घोषणा की।
बृहस्पतिवार को काबीना मंत्री यशपाल आर्य ग्राम बरखेड़ा पांडे पहुंचे। वहां आंबेडकर पार्क में ग्रामीणों ने उन्हें पेंशन, राशनकार्ड आदि की समस्याओं से अवगत कराया। काबीना मंत्री ने बरखेड़ापांडे में श्मशान घाट की चहारदीवारी के लिए तीन लाख और मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए चार लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने बरखेड़ापांडे में महुआखेड़ागंज वाली रोड से धर्मवीर के मकान तक सड़क निर्माण के लिए आगणन तैयार कर प्रस्ताव भेजने को कहा। इसके बाद यशपाल आर्य महुआखेड़ा गंज पहुंचे। यशपाल आर्य ने कहा कि उन्होंने बगैर किसी भेदभाव के विकास कार्य किए हैं। कहा कि वर्ष 2012 में उन्होंने विधानसभा का चुनाव जीता। इसके बाद से उन्होंने लगातार क्षेत्रवासियों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया है। उन्होंने महुआखेड़ागंज के वार्ड नंबर तीन के बरातघर में रसोई के लिए तीन लाख, श्मशान घाट की चहारदीवारी के लिए तीन लाख, शिवमंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए दो लाख, धर्मशाला के लिए चार लाख की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। वहां जिपं सदस्य हरेंद्र सिंह हैरी, राकेश लखेड़ा, अरविंद राणा, हफीजुर्रहमान, सतपाल सिंह, विपिन कुमार, फिरोज आलम, ईश्वर सैनी आदि मौजूद रहे।