गांव नंदपुर नरका टोपा में खनन से भरे डंपर की टक्कर से हाईटेंशन के डबल पोल टूट गए। लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया। हाइटेंशन के डबल पोल टूटने से शहर का आधा हिस्सा और बरहैनी सहित पांच गांव की आपूर्ति ठप हो गई। जिससे करीब 2300 उपभोक्ता प्रभावित रहे। विभाग को करीब सवा लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
रविवार दिन में बारह बजे गांव नंदपुर नरका टोपा रामराज रोड पर फौजी कालोनी बिजलीघर से आर रही 132 केवी बिजली लाइन के डबल पोल को खनन से भरे डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे धमाके के साथ शहर सहित पूरे क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई।
लेकिन उसके बाद आधा शहर और गांव बरहैनी सहित पांच गांव की आपूर्ति ठप रही। सोमवार को दिन भर बिजली नही आने से इन्वर्टर ने भी काम करना बंद हो गया। जिससे व्यापारियों सहित कई नागरिक भीषण गर्मी में परेशान रहे। ईई राहुल जैन और एसडीओ जीसी कार्की ने बताया कि विभाग को करीब सवा लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जेई की तरफ से आरोपी डंपर चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नही हुई थी। इधर प्रधान कौशर जहां ने कहा कि भारी वाहनों पर रोक लगाने के लिए कई एसडीएम को शिकायती पत्र लिखा है। लेकिन कोई सुनवाई नही होती। बिजली पोल खनन से वाहनों से टूटते रहते हैं। कोसी कांटे मार्ग से खनन भरे वाहनों की आवाजाही इसी मार्ग से होती है।
बाजपुर क्षेत्र में 21 घंटे ठप रही आपूर्ति
बाजपुर। हाईटेंशन डबल पोल टूटने से शहर सहित पांच गांव की आपूर्ति करीब 21 घंटे ठप रही। सोमवार को शाम करीब छह बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हुई कि अंधड़ और बारिश हो गई। जिससे आपूर्ति फिर ठप हो गई। करीब नौ बजे आपूर्ति सुचारु हो सकी। जिससे नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।