बाजपुर। गांव दियोहरी में एकलव्य विद्यालय के लिए चिह्नित की गई भूमि को लेेकर लोगों ने एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। आरोप है कि भूमि का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। निर्णय होने पर ही विद्यालय निर्माण कराने की बात कही है।
शनिवार को नगर के मोहल्ला रामभवन धर्मशाला निवासी गजानंद मित्तल और गांव महेशपुरा निवासी सतनाम सिंह ने अपने साथियों के साथ एसडीएम दफ्तर पहुंचे और उनके पेशकार पवन कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि गांव दियोहरी में बनने जा रहे एकलव्य विद्यालय के निर्माण को चिह्नित की गई भूमि का मामला अभी हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
भूमि के मामले में उनकी ओर से हाईकोर्ट में वर्ष 2017 में दो अलग अलग याचिकाएं दायर की गई थीं। हाईकोर्ट के फैसले के बगैर भूमि पर निर्माण न्याय उचित नहीं है। वहां पर गजानंद मित्तल, विनोद कुमार, सतनाम सिंह, गुलराज सिंह, अशोक कुमार, नमनदीप सिंह, गगनदीप मित्तल आदि थे। इधर, एसडीएम एपी बाजपेयी ने बताया कि यह भूमि सीलिंग से निकली है और सरकार के कब्जे में है। इस जमीन का विधिवत रूप से हस्तांतरण एक साल पहले एकलव्य विद्यालय को हो चुका है।
नए साल का तोहफा है एकलव्य विद्यालय : राजेश
बाजपुर। राज्य समाज कल्याण अनुश्रवण समिति अध्यक्ष राजेश कुमार शनिवार को गांव धूरिया, रम्पुरा, बन्नाखेड़ा में आयोजित बुक्सा समाज की बैठकों में कहा कि क्षेत्रवासियों को एकलव्य विद्यालय नए साल में तोहफे के रूप में मिल रहा है।
बताया कि छह जनवरी को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत स्कूल का शिलान्यास करेंगे। वहां जिपं सदस्य दीपा देवी, प्रदीप, भारत सिंह, आनंद सिंह, लाखन सिंह, धनी सिंह, पूरन सिंह, किशन सिंह, कलावती, रमो देवी, कोशिया देवी, शांति देवी आदि थे।