फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रेमिका के साथ रह रहे विवाहित प्रेमी की संदिग्ध मौत

Wed, 29 Jun 2016 11:55 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
बिलखते परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पत्नी को छोड़कर प्रेमिका के साथ रहे विवाहित प्रेमी की देर रात संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा। परिजनों ने प्रेमी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। जबकि, पुलिस हत्या की घटना से इंकार कर रही है। पुलिस ने मामले में प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया।
विज्ञापन


अमरिया जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश निवासी सुनील भारती (24) कैंटर ड्राइवर था। दो साल पहले यहां आया और सिडकुल स्थित 90 एकड़ प्लाट में किराए के मकान में अपनी हर्ररायपुर अमरिया निवासी प्रेमिका के साथ रहने लगा। मंगलवार देर रात सुनील को उसकी प्रेमिका ने बेहोशी की हालत में सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

इस पर प्रेमिका ने उसके परिजनों व कैंटर मालिक को मामले की जानकारी दी। कैंटर मालिक ने परिजनों को घटना से अवगत कराया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता मूलचंद, बहन यूपी महिला कांस्टेबल कांति देवी समेत तमाम परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सुनील की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मृतक के गले पर चोट के निशान हैं। 
विज्ञापन


इस पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच की और मृतक की प्रेमिका को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। एसएसआई दिनेश फर्त्याल ने बताया कि जांच में अभी तक हत्या जैसी घटना से संबंधित कोई भी साक्ष्य सामने नहीं आया है। बताया कि प्रेमिका से पूछताछ के बाद उसे मकान मालिक के सुपुर्द कर दिया है। मृतक की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पत्नी से चल रहा था दहेज एक्ट का मुकदमा
मृतक कैंटर ड्राइवर सुनील भारती का पत्नी से विवाद चल रहा है। सुनील के पिता ने बताया कि एक मार्च 2014 को सुनील की शादी बरेली की युवती प्रीति से हुई थी। दो से तीन माह दोनों साथ रहे। उसके बाद सुनील पत्नी को छोड़कर सिडकुल आ गया। सुनील के घर नहीं आने पर उसकी पत्नी प्रीति ने बरेली कोर्ट में दहेज एक्ट का मुकदमा कर दिया। बताया कि हर्ररायपुर गांव की प्रेमिका से उसने शादी नहीं की थी। दोनों बिना शादी के ही एक साथ रह रहे थे। 

प्रेमिका बोली, सुनील को पड़ते थे दौरे
मृतक सुनील भारती की प्रेमिका का कहना है कि सुनील को दौरे पड़ते थे। रात वह शौच को गई और फिर जब लौटकर देखा तो सुनील घर में नल पर रखी बाल्टी पर गिरा पड़ा था। उसने बताया कि सुनील की मौत दौरा पड़ने से हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले में गहनता से छानबीन कर रही है। 

प्यार का दुखद अंत
प्यार के लिए सब कुछ कुर्बान करने वाले प्रेमी युगल के प्यार का दस साल बाद दुखद अंत हो गया। मृतक सुनील भारती का 2006 में हर्ररायपुर की युवती से प्रेम प्रसंग हुआ था। सुनील के परिजनों ने दोनों का विवाह नहीं होने दिया और एक मार्च 2014 को सुनील के परिजनों ने बरेली से उसकी शादी कर दी। लेकिन, सुनील का प्यार खत्म नहीं हुआ और उसने अपनी पत्नी को छोड़ प्रेमिका के साथ जीवन बीताने का फैसला कर लिया। दिसंबर 2014 में प्रेमिका यहां सिडकुल में काम करने आ गई। उसके साथ सुनील भी सिडकुल आ गया और ड्राइविंग करने लगा। दोनों लीव इन रिलेशन के तौर पर एक-दूजे के हो गए और अपने-अपने परिवारों को छोड़कर साथ रहने लगे। लेकिन, प्रेमिका को क्या पता था कि उसके प्यार का दस वर्ष में ही अंत हो जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें