काशीपुर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम पर खरीदारी करते लोग।
काशीपुर। त्योहारी सीजन पर बाजार में जबरदस्त उत्साह है। दशहरा और दीपावली पर्व पर खरीदारी का जोर है। लोग शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स सामग्री की खरीदारी पर लोगों का अधिक जोर है।
दशहरा, धनतेरस और दीपावली के शुभ मुहूर्त पर लोग ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना ज्यादा शुभ मानते हैं। नवरात्र शुरू होते ही लोग दशहरा के दिन खरीदारी करने के लिए प्री बुकिंग करने लगे थे। धनतेरस और दीपावली के लिए भी बुकिंग होने लगी है। ऑटोमोबाइल संचालकों ने बताया पेट्रोल के बढ़ते दामों के कारण लोग अच्छी माइलेज के वाहन अधिक पसंद कर रहे हैं।
बोले कारोबारी
वाहनों की अच्छी बिक्री और बुकिंग
बाजपुर रोड स्थित ऑटोमोबाइल शोरूम के जितेंद्र सिंह हुड्डा और रामनगर रोड स्थित ऑटोमोबाइल शोरूम के अर्पित मेहरोत्रा ने बताया कि लोगों की पहली पसंद स्कूटी और अधिक माइलेज वाली बाइक हैं। दोनों शोरूमों से अब तक 600 वाहनों की बिक्री और बुकिंग हो चुकी है। लोग धनतेरस और दीपावली की बुकिंग भी करने लगे हैं।
इनसेट
छूट और उपहार का लाभ उठा रहे लोग
रामनगर रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक शोरूम संचालक अतुल मेहरोत्रा, अनुज प्रजापति और तहसील रोड स्थित शोरूम संचालक प्रियांशु अग्रवाल ने बताया कि टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल और अन्य सामान की प्री-बुकिंग हो रही है। दशहरा पर कंपनियों की ओर से मिल रही विशेष छूट और उपहार का लोग लाभ उठा रहे हैं।