खटीमा। मंडी समिति में गेस्ट हाउस में ठहरने को लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की दो लोगों ने पिटाई कर दी। पिटाई से कर्मचारी बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी टनकपुर मंडी समिति में अटैच था। पुलिस ने मारपीट के आरोपी दोनों युवकों को पूछताछ के लिए उठाया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार देर रात दो युवक मंडी समिति के गेस्ट हाउस में ठहरने आए। इस दौरान वहां मौजूद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कैलाश थापा (35) पुत्र लाल बहादुर निवासी कुर्मांचल कॉलोनी रेलवे फाटक के पास कचनालगाजी काशीपुर से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने कैलाश की पिटाई कर दी। इससे कैलाश बेहोश हो गया।
मारपीट के बाद मंडी समिति के गार्ड ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। दोनों युवक डंपर चालक हैं। दो दिन पहले भी मंडी समिति गेस्ट हाउस में ठहरे थे। गार्ड ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इस पर बाजार चौकी प्रभारी होशियार सिंह मौके पर पहुंचे और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कैलाश को आपातकालीन 108 एंबुलेंस सेवा से उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां डॉक्टर प्रदीप चौधरी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने काशीपुर में परिजनों को घटना की सूचना दी। रविवार को परिजनों के पहुंचने के बाद बाजार चौकी प्रभारी होशियार सिंह ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। कैलाश अविवाहित था। वह अपने पीछे बड़े भाई नरेंद्र थापा एवं मां को रोता बिलखता छोड़ गया।
मंडी समिति टनकपुर में अटैच था
मंडी समिति के लिपिक जीवन सिंह ने बताया कि कैलाश वर्ष 2018 से मंडी समिति खटीमा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। लगभग डेढ़ साल से वह मंडी समिति टनकपुर में अटैच था और मंडी समिति खटीमा परिसर के आवास में रहता था। कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि आरोपी दोनों युवकों को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया है।